9650325368 business@supaultvtimes.in
Supaul News

दीनबंदी पंचायत में नई सड़क का उद्घाटन, 4 करोड़ की लागत से कटिया–रतनपुर मार्ग का होगा निर्माण

636views
Follow US on social media

दीनबंदी पंचायत में नई सड़क का उद्घाटन, 4 करोड़ की लागत से कटिया–रतनपुर मार्ग का होगा निर्माण

सुपौल। दीनबंदी पंचायत में एक नई सड़क के निर्माण कार्य का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य अर्चना मेहता मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। उनके साथ सड़क निर्माण कार्य के ठेकेदार आलोक और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

अर्चना मेहता ने मौके पर कहा कि क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछाकर आवागमन को सुगम बनाया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिन सड़कों की हालत जर्जर हो चुकी है, उन्हें भी जल्द मरम्मत कर बेहतर स्थिति में लाया जाएगा। उन्होंने कहा, “चुनाव से पहले पंचायत की सभी सड़कों को दुरुस्त कर दिया जाएगा, ताकि लोगों को आवाजाही में कोई परेशानी न हो।”

सड़क निर्माण को लेकर ठेकेदार आलोक ने बताया कि कटिया से रतनपुर नहर तक बनने वाली इस सड़क पर लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत आएगी। काम की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अगले 5 वर्षों तक सड़क की देखरेख भी ठेकेदार के जिम्मे होगी। उन्होंने कहा, “हमारा प्रयास रहता है कि जो भी काम करें, उसमें किसी तरह की शिकायत की गुंजाइश न रहे।”

स्थानीय वार्ड सदस्य अकमल ने जिला परिषद की कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने कहा, “अर्चना मेहता हमेशा क्षेत्र की समस्याओं को गंभीरता से लेती हैं। जब भी उन्हें बुलाया जाता है, वे तुरंत पहुंचकर समाधान करती हैं।”

अर्चना मेहता ने ग्रामीणों से अपील की कि सड़क बनने के बाद वाहन चलाते समय अपने बच्चों का विशेष ध्यान रखें, ताकि किसी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।

इस सड़क के बन जाने से दीनबंदी पंचायत के साथ-साथ आस-पास के गांवों के लोगों को भी बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों में तेजी आएगी।

Leave a Response