9650325368 business@supaultvtimes.in
National NewsSupaul News

कोसी बैराज का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, करीब 3 लाख क्यूसेक पानी डिस्चार्ज की स्थिति; अफवाहों से बचने की अपील

102views
Follow US on social media

सुपौल। नेपाल में हो रही भारी बारिश के कारण कोसी नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी के बीच सुपौल जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। शुक्रवार को सुपौल के जिलाधिकारी सावन कुमार ने कोसी बैराज पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान चीफ इंजीनियर संजीव शैलेश समेत संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।बताया जा रहा है कि नेपाल में लगातार बारिश के कारण कोसी नदी में पानी का दबाव बढ़ रहा है। मौजूदा स्थिति में कोसी बैराज के करीब 37 गेट खोले गए हैं और लगभग 3 लाख क्यूसेक के आसपास पानी डिस्चार्ज होने की स्थिति बताई जा रही है। आने वाले समय में जल प्रवाह और बढ़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।कोसी बैराज पर निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सावन कुमार ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोगों को घबराने या डरने की जरूरत नहीं है। जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।प्रशासन की ओर से कहा गया है कि कोसी नदी के आसपास रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। प्रशासन और संबंधित विभाग जलस्तर तथा बैराज से होने वाले डिस्चार्ज पर लगातार नजर रख रहे हैं।गौरतलब है कि कोसी नदी में पानी बढ़ने की खबर से आसपास के इलाकों के लोगों में चिंता बढ़ जाती है। वर्ष 2008 की कोसी त्रासदी की याद आज भी लोगों के जेहन में है, जिसमें बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान हुआ था। यही वजह है कि कोसी के जलस्तर में बढ़ोतरी होते ही लोगों में डर का माहौल बन जाता है।हालांकि वर्तमान स्थिति को लेकर जिला प्रशासन ने लोगों से बिना पुष्टि के किसी भी खबर या अफवाह पर विश्वास नहीं करने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।फिलहाल प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि 26 सितंबर तक कोसी बैराज से पानी का डिस्चार्ज किस स्तर तक पहुंचता है और जलस्तर में कितना बदलाव होता है।

Leave a Response