सुपौल में दिनदहाड़े युवक का अपहरण, कार सवार बदमाशों ने की फायरिंग; पुलिस की कई टीमें तलाश में जुटीं


सुपौल में दिनदहाड़े एक युवक के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि कार सवार बदमाशों ने पहले बाइक सवार युवक को टक्कर मारकर सड़क पर गिराया और फिर उसे जबरन कार में बैठाकर मौके से फरार हो गए। इस दौरान बदमाशों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से कथित तौर पर कई राउंड फायरिंग भी की, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।यह पूरा मामला भीमपुर थाना क्षेत्र के बेलागंज का बताया जा रहा है, जहां SH-91 जदिया-बलुआ पथ पर दिनदहाड़े यह वारदात हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक युवक बाइक से जा रहा था। इसी दौरान कार सवार बदमाशों ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद बाइक सवार युवक सड़क पर गिर गया। आरोप है कि इसके बाद कार सवार बदमाशों ने युवक को जबरन अपनी कार में बैठाया और वहां से फरार हो गए।घटना के दौरान जब आसपास मौजूद लोगों ने इसका विरोध करने की कोशिश की तो कार सवार बदमाशों ने कथित तौर पर फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि करीब चार राउंड गोली चलाई गई, जिसके बाद इलाके में दहशत फैल गई।अपहरण किए गए युवक की पहचान 20 वर्षीय मो. जीशान खान के रूप में बताई जा रही है, जो छातापुर के माधोपुर का रहने वाला बताया गया है। घटना की खबर मिलते ही युवक के परिजनों में कोहराम मच गया।वारदात की सूचना मिलते ही भीमपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं, घटना की गंभीरता को देखते हुए त्रिवेणीगंज SDPO दिलीप कुमार और सुपौल के SP सरथ आर.एस. भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।एसपी का बयान

सुपौल SP सरथ आर.एस. ने बताया कि कुछ अपराधियों द्वारा एक युवक को कार में बैठाकर ले जाने की सूचना प्राप्त हुई है। इस दौरान दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग किए जाने की बात भी सामने आई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।SP ने बताया कि त्रिवेणीगंज SDPO के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया है, जो पूरे मामले की जांच कर रही है और युवक की तलाश में जुटी है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और अपहृत युवक की बरामदगी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटना के पीछे की वजह क्या है और युवक को कौन लोग अपने साथ ले गए, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।





